रायपुर. तमिलनाडु के ऊपर विकसित मौसम प्रणाली के श्रीलंका की ओर खिसकने से छत्तीसगढ़ में अल्प अवधि के लिए ठंड की वापसी की संभावना बन रही है। वर्तमान में राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में पुनः सक्रियता बढ़ने से आने वाले दिनों में नमीयुक्त हवा का प्रवेश होगा, जिसके चलते तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है।
पिछले दो से तीन दिनों से राज्य के मध्य क्षेत्रों में ठंड कम हो गई है और दिन में गर्मी का अहसास बढ़ा है। मौसम विज्ञानी बताते हैं कि गुरुवार के बाद हल्का बदलाव दिख सकता है। खाड़ी क्षेत्र से नमी की मात्रा में कमी के चलते रात का तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे ठंडक बढ़ेगी। हालांकि यह परिवर्तन ज्यादा समय तक टिकने की संभावना नहीं है।
विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों में बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम विकसित होने के संकेत हैं, जिससे हवा नमी लेकर आएगी और तापमान में बढ़ोतरी का दौर फिर शुरू हो सकता है। बीते 24 घंटों में रायपुर का न्यूनतम तापमान बढ़कर 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है।
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी में मंगलवार को आकाश साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।