सीजीपीएससी राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा कल, 33 जिलों में 265 पदों के लिए 2 पालियों में होगा आयोजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 का आयोजन रविवार, 22 फरवरी को किया जाएगा। यह परीक्षा प्रदेश के सभी 33 जिलों में बनाए गए केंद्रों पर दो पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली में सामान्य अध्ययन का प्रश्नपत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली में एप्टीट्यूड टेस्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगा।

आयोग ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से दो घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट पहले यानी पहली पाली के लिए सुबह 9:45 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 2:45 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से गहन तलाशी ली जाएगी।

परीक्षा के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है। परीक्षार्थी केवल हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर ही शामिल हो सकेंगे। गहरे रंग के कपड़े, कार्गो और डिजाइनर परिधान पहनना वर्जित है। जूतों और मोटे सोल वाले फुटवियर की अनुमति नहीं होगी, अभ्यर्थी केवल पतले सोल की चप्पलें पहन सकेंगे। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार की घड़ी, मैकेनिकल या स्मार्ट वॉच साथ ले जाना प्रतिबंधित है।

महिला अभ्यर्थियों के लिए छोटे बांह वाली कुर्ती या ब्लाउज पहनने की अनुमति होगी। विवाहित महिलाओं को केवल एक नोज पिन और एक मंगलसूत्र धारण करने की छूट दी गई है, जबकि अन्य सभी प्रकार के आभूषण पूरी तरह वर्जित रहेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान अनुशासनहीनता या अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर संबंधित अभ्यर्थी के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। ज्ञात हो कि इस परीक्षा के माध्यम से राज्य के विभिन्न विभागों में 265 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *