जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शिक्षा जगत को हिला देने वाला मामला सामने आया है। बगीचा थाना क्षेत्र के बिमड़ा स्थित एक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगे हैं। महिला व्याख्याता और विद्यालय की एक अन्य महिला कर्मचारी ने प्राचार्य पर लगातार अश्लील हरकतें करने, फोन पर आपत्तिजनक बातें करने और व्यक्तिगत तौर पर छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए हैं।

आरोपों की पुष्टि के बाद बगीचा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी प्राचार्य सुधीर बरला के खिलाफ छेड़छाड़ की धाराओं में दो प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
सूत्रों के मुताबिक, पीड़िताओं ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि प्राचार्य का रवैया लंबे समय से आपत्तिजनक था। उसने कई बार महिला कर्मचारियों को अनुचित तरीके से संपर्क करने की कोशिश की। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तेजी से गिरफ्तारी की।
इस घटना ने शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा दिया है। स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, महिला संगठनों ने भी दोषी को सख्त सजा देने की बात कही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।