कांकेर / कोयलीबेड़ा। धान खरीदी केंद्र शुरू न होने से नाराज़ किसानों ने सोमवार को कोयलीबेड़ा में चक्का जाम कर दिया। पानीडोबीर क्षेत्र के किसान धान खरीदी केंद्र को जल्द शुरू करने की मांग कर रहे हैं। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस बल मौके पर तैनात है।

पिछले वर्ष चला था उपकेंद्र, इस बार देरी से नाराज़ किसान
किसानों का कहना है कि पिछले वर्ष पानीडोबीर में उपकेंद्र बनाकर धान खरीदी की गई थी, लेकिन इस बार खरीदी कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है। किसानों ने आरोप लगाया कि प्रशासन उनकी मांगों को अनदेखा कर रहा है।
मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
आक्रोशित किसानों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक धान खरीदी केंद्र शुरू नहीं होता, वे चक्का जाम और धरना जारी रखेंगे। बड़ी संख्या में किसान सड़क पर डटे हुए हैं और प्रशासन पर जल्द कार्रवाई का दबाव बना रहे हैं।
15 नवंबर से 31 जनवरी तक होनी है धान खरीदी
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ सरकार के अनुसार राज्य में धान खरीदी 15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक प्रस्तावित है। लेकिन कई क्षेत्रों में अब तक खरीदी केंद्र शुरू न होने से किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।