राजनांदगांव, 1 मई 2026। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में मवेशी चोरी के एक मामले का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किए गए मवेशियों को बरामद कर लिया है और आरोपियों के कब्जे से नगदी व अन्य सामान भी जब्त किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी रुस्तम यादव ने लालबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 अप्रैल को वह अपने मवेशियों को चरने के लिए छोड़कर आया था, लेकिन शाम तक दो गाय और एक भैंस वापस नहीं लौटे। संदेह होने पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें कुछ संदिग्ध लोग मवेशियों को ले जाते हुए दिखाई दिए।
फुटेज के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 3 गाय और 1 भैंस बरामद की है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल (करीब 20 हजार रुपये मूल्य) और 6 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। कुल मिलाकर लगभग 96 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और चोरी के अन्य संभावित मामलों में भी आरोपियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।