गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जहाँ पूरा देश होली के रंगों में सराबोर था, वहीं छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में दो अलग-अलग खौफनाक वारदातों ने त्यौहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिले में एक तरफ लालच के वशीभूत होकर एक कलयुगी बेटे ने अपनी माँ की जान ले ली, वहीं दूसरी तरफ शराब के नशे में एक पति ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी (टंगिया) से जानलेवा हमला कर दिया।
पैसों की खातिर माँ का गला घोंटा पहली वारदात मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा की है। यहाँ 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला फूलमतिया बाई की हत्या उसके अपने ही बेटे दलबीर सिंह ने कर दी। विवाद की जड़ प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिले पैसे और जमीन का बंटवारा बना। आरोपी बेटा उन पैसों को हड़पना चाहता था, लेकिन माँ ने घर बनवाने का हवाला देकर पैसे देने से इनकार कर दिया था। बुधवार की रात नशे की हालत में दलबीर ने विवाद किया और गुस्से में आकर अपनी माँ का गला दबा दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
होली पर टंगिया से खूनी खेल दूसरी घटना गौरेला थाना क्षेत्र के पड़खुरी पिपरिया गाँव की है। यहाँ अपनी ससुराल होली मनाने आए बिरजू अगरिया ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी राधा पर टंगिया से ताबड़तोड़ वार कर दिए। आरोपी ने अपनी पत्नी के सिर, कान और गर्दन पर गंभीर चोटें पहुँचाईं। जब गाँव के एक व्यक्ति ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपी ने उसे भी घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी पास के जंगल में छिप गया था, जिसे ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पकड़ा और पुलिस को सौंपा।
पुलिसिया कार्रवाई मरवाही पुलिस ने हत्यारे बेटे को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं गौरेला पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल पहुँचाया है जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों ही मामलों में शराब और आपसी विवाद मुख्य कारण रहे हैं। इन घटनाओं ने त्यौहार के दिन सुरक्षा व्यवस्था और नशे के बढ़ते प्रकोप पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।