रक्तदान, स्वच्छता अभियान और पौधरोपण के साथ भाजपा का सेवा पखवाड़ा हुआ शुरू

जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बुधवार से सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम की शुरुआत की। यह अभियान 2 अक्टूबर तक गांधी जयंती तक चलेगा, जिसमें राष्ट्र सेवा और जन सेवा की भावना को लेकर विविध सेवा कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के पहले दिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर और पौधरोपण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव स्वयं कार्यकर्ताओं के साथ सेवा पखवाड़ा के कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने महाराणा प्रताप चौराहे पर सुबह स्वच्छता अभियान में भाग लिया और महात्मा गांधी स्कूल परिसर, गंगामुंडा स्थित विश्वकर्मा मंदिर तथा दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं, महारानी जिला अस्पताल में भाजयुमो द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में कार्यकर्ताओं और आमजनों ने मिलकर 75 यूनिट रक्तदान किया। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने अस्पताल जाकर रक्तदाताओं से भेंट कर उन्हें सम्मानित किया और प्रमाणपत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर श्री देव ने कहा कि सेवा पखवाड़ा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होकर राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए समर्पित रहेगा। भाजपा कार्यकर्ता आम लोगों को जोड़कर सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाएँगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान राष्ट्र सेवा और जन सेवा की भावना को मजबूत करेगा।

कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप, डॉ. सुभाऊ कश्यप, विद्याशरण तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडेय, महापौर संजय पांडेय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने मिलकर सेवा पखवाड़ा के पहले दिन सेवा कार्यों को सफल बनाने में योगदान दिया। भाजपा का यह अभियान सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *