BJP announced 72 names : बीजेपी ने लोकसभा के लिए 72 नामों का किया ऐलान, गडकरी नागपुर, पीयूष गोयल मुंबई नॉर्थ से लड़ेंगे

BJP announced 72 names for Lok Sabha

हरियाणा के पूर्व सीएम करनाल से कैंडिडेट

 

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार (13 मार्च) को उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। बीजेपी की दूसरी लिस्ट में 72 नामों का ऐलान किया गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को महाराष्ट्र की नागपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। गडकरी इसी सीट से मौजूदा सांसद हैं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और हरियाणा के सीएम पद से एक दिन पहले इस्तीफा देने वाले मनोहर लाल खट्टर को भी टिकट दिया गया है। खट्टर हरियाणा के करनाल से चुनाव लड़ेंगे। जबकि पीयूष गोयल को मुंबई नॉर्थ और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को हिमाचल के हमीरपुर से टिकट मिला है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी कर्नाटक के धारवाड़ से चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी इससे पहले 2 मार्च को 195 सीटों पर कैंडिडेट्स के नामों का ऐलान किया था। इस तरह अब तक 267 सीटों पर नामों की घोषणा की जा चुकी है।
बीजेपी ने दूसरी लिस्ट में केंद्र शासित प्रदेश दादर व नगर हवेली से 1, दिल्ली से 2, गुजरात से 7, हरियाणा से 6, हिमाचल प्रदेश से 2, कर्नाटक से 20, मध्य प्रदेश से 5, महाराष्ट्र से 20, तेलंगाना से 6, त्रिपुरा से 1 और उत्तराखंड से 2 उम्मीदवार का ऐलान किया है।

करनाल से खट्टर तो सिरसा से अशोक तंवर
करनाल से हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को उम्मीदवार बनाया गया है। मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था, इसके बाद बीजेपी ने नायब सिंह सैनी को सूबे की कमान सौंप दी। इसके साथ ही पार्टी ने जेजेपी के साथ अपना गठबंधन भी तोड़ लिया। दूसरी ओर सिरसा से अशोक तंवर को टिकट दिया गया है। अशोक तंवर साल 2009 के लोकसभा चुनाव में यह सीट कांग्रेस की टिकट पर जीत चुके हैं। बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया था। फिर आम आदमी पार्टी छोड़कर वह बीजेपी में पहुंचे थे।
अंबाला सीट से बंतो कटारिया ठोकेंगी ताल
अंबाला सीट से बंतो कटारिया को उम्मीदवार बनाया या है। बंतो 2019 में चुनाव जीतने वाले रतन लाल कटारिया की पत्नी हैं, जिनकी साल 2023 में मौत हो गई थी। भिवानी-महेंद्रगढ़(चौधरी धर्मबीर सिंह), गुडग़ांव (चौधरी इंद्रजीत सिंह यादव) और फरीदाबाद (कृष्ण पाल गुर्जर) से मौजूदा सांसदों को ही उम्मीदवार बनाया गया है।

 

मध्य प्रदेश की बाकी बची 5 सीटों के लिए भी उम्मीदवारों का ऐलान
मध्य प्रदेश की 29 में से शेष 5 लोकसभा सीटों के लिए भी उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। बालाघाट से डॉ भारती पारधी, छिंदवाड़ा से विवेक बंटी साहू, उज्जैन से अनिल फिरोजिया, धार से सावित्री ठाकुर और इंदौर से शंकर लालवानी को उम्मीदवार बनाया है। दूसरी लिस्ट में इंदौर से शंकर लालवानी, उज्जैन से अनिल फिरोजिया को फिर से टिकट मिला हैं। वहीं, धार से मौजूदा सांसद छतर सिंह दरबार और बालाघाट से ढाल सिंह बिसेन का टिकट काटा गया है। छिंदवाड़ा से 2019 लोकसभा चुनाव में नाथन शाह को टिकट दिया गया था, लेकिन वह नकुलनाथ से हार गए थे। बीजेपी ने मध्य प्रदेश में कुल छह महिलाओं को लोकसभा चुनाव का टिकट दिया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MENU