बीजापुर। पामेड़ थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने सड़क निर्माण कार्य के ठेकेदार इम्तियाज अली की गला रेतकर हत्या कर दी। उत्तर प्रदेश निवासी इम्तियाज लंबे समय से नारायणपुर जिले के धौड़ाई क्षेत्र में रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, नक्सलियों ने पहले ठेकेदार की जेसीबी मशीन के मुंशी का अपहरण किया। अपहरण की सूचना मिलते ही इम्तियाज मुंशी को छुड़ाने मौके पर पहुंचा, जहां नक्सली उसे पकड़कर ले गए और रास्ते में गला रेतकर हत्या कर दी। शव को जंगल में फेंक दिया गया। वारदात के बाद नक्सलियों ने मुंशी को रिहा कर दिया।
मुंशी ने परिजनों और पुलिस को पूरी घटना बताई। सूचना मिलते ही पामेड़ पुलिस की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने हत्या की पुष्टि की है। सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है, लेकिन अभी तक शव बरामद नहीं हुआ है।
एसपी ने बताया कि नक्सली सड़क निर्माण का विरोध कर रहे थे और कई बार धमकी भरे पोस्टर लगा चुके हैं। मामले की जांच जारी है।