बिहार भाजपा को मिला नया नेतृत्व, संजय सरावगी बने प्रदेश अध्यक्ष…

बिहार। भारतीय जनता पार्टी ने बिहार प्रदेश अध्यक्ष के पद पर संजय सरावगी की नियुक्ति की है। केंद्रीय नेतृत्व के इस फैसले के बाद राज्य संगठन में नई रणनीति और टीम गठन को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। दरभंगा शहरी से विधायक संजय सरावगी को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

28 अगस्त 1969 को जन्मे संजय सरावगी की राजनीतिक यात्रा छात्र जीवन से ही शुरू हो गई थी। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे और वर्ष 1995 में भाजपा की औपचारिक सदस्यता ली। इसके बाद युवा मोर्चा में विभिन्न संगठनात्मक दायित्व निभाते हुए उन्होंने पार्टी में अपनी मजबूत पहचान बनाई।

संजय सरावगी ने सक्रिय राजनीति में कदम नगर निगम के जरिए रखा। दरभंगा नगर निगम के वार्ड संख्या छह से चुनाव लड़कर उन्होंने पहली जीत हासिल की। इसके बाद संगठन और जनप्रतिनिधि के तौर पर उनका कद लगातार बढ़ता गया।

मार्च 2005 में भाजपा ने उन्हें दरभंगा शहरी विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया। पहले ही विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद वे 2010, 2015, 2020 और 2025 में भी लगातार इस सीट से निर्वाचित होते रहे।

2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने विकासशील इंसान पार्टी के नेता उमेश सहनी को बड़े अंतर से पराजित किया था। लंबे संगठनात्मक अनुभव और लगातार चुनावी सफलता को देखते हुए भाजपा नेतृत्व ने उन्हें बिहार प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *