बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर: नीतीश कुमार ने MLC पद से दिया इस्तीफा, नितिन नवीन ने भी छोड़ी विधायकी

पटना। बिहार की सियासत में आज एक बड़े युग का अंत और नए बदलाव की शुरुआत देखने को मिल रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधान परिषद (MLC) की सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया है। उनके इस कदम के साथ ही अब बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर कयासों का बाजार गर्म हो गया है। नीतीश कुमार हाल ही में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं, जिसके चलते उन्होंने राज्य की सदस्यता छोड़ने का फैसला किया है।

विजय चौधरी ने की इस्तीफे की पुष्टि

जेडीयू के वरिष्ठ नेता और कद्दावर मंत्री विजय चौधरी ने इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि नीतीश कुमार ने अपना इस्तीफा तैयार कर लिया है और इसे जल्द ही सभापति को सौंप दिया जाएगा। नियमानुसार, राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद 14 दिनों के भीतर राज्य विधानमंडल की सदस्यता छोड़नी अनिवार्य होती है, जिसकी समय सीमा आज यानी सोमवार को समाप्त हो रही है।

नितिन नवीन अब संभालेंगे भाजपा की कमान

नीतीश कुमार के साथ-साथ भाजपा के कद्दावर नेता नितिन नवीन ने भी विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही वे राज्यसभा के लिए भी चुने जा चुके हैं। संगठन में बड़ी जिम्मेदारी और संसद के उच्च सदन में जाने के कारण उन्होंने बिहार विधानसभा की सदस्यता से किनारा कर लिया है।

अब कौन बनेगा बिहार का मुख्यमंत्री?

इन दो बड़े इस्तीफों के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि नीतीश कुमार के दिल्ली जाने के बाद बिहार की कमान किसके हाथों में होगी। सत्ताधारी गठबंधन के भीतर नए नेतृत्व को लेकर बैठकों का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले 24 से 48 घंटों में बिहार के नए मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के स्वरूप को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *