रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की बहुप्रतीक्षित महतारी वंदन योजना को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सरकार जल्द ही इस योजना का ऑनलाइन पोर्टल दोबारा खोलने जा रही है, जिससे अब वे पात्र महिलाएं आवेदन कर सकेंगी जो किसी कारणवश पहले आवेदन से वंचित रह गई थीं।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, पोर्टल खुलने के साथ ही नए हितग्राहियों के पंजीयन की प्रक्रिया शुरू होगी। खास बात यह है कि इससे पहले यह पोर्टल नियद नेल्ला नार योजना से जुड़े गांवों के लिए खोला गया था, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं ने आवेदन किया था।
बताया जा रहा है कि इस बार सरकार ने तकनीकी खामियों को दूर करते हुए आवेदन प्रक्रिया को और सरल बनाया है, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाएं बिना परेशानी के फॉर्म भर सकें। आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक खाता और समग्र आईडी जैसे दस्तावेज अनिवार्य होंगे।


महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और पारिवारिक स्थिरता को मजबूत करना है।
सूत्रों का कहना है कि पोर्टल खुलने की आधिकारिक तारीख और आवेदन की समय-सीमा को लेकर जल्द ही आदेश जारी किया जाएगा। ऐसे में पात्र महिलाएं जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें, ताकि पोर्टल खुलते ही आवेदन किया जा सके।