पटना: बिहार के राजनीतिक गलियारे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पद छोड़ने की संभावित तारीख तय हो गई है। नीतीश कुमार गुरुवार को दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं, जहां वे 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। दिल्ली में शपथ ग्रहण प्रक्रिया पूरी करने के बाद वह पटना लौटेंगे और मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंपेंगे।
सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार 14 अप्रैल को औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसी दिन पटना में एनडीए विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसमें नीतीश कुमार अपने निर्णय की घोषणा कर सकते हैं। बिहार के राजनीतिक इतिहास में यह पहली बार होगा जब भारतीय जनता पार्टी अपना मुख्यमंत्री बनाने की तैयारी में है। इस पद के लिए वर्तमान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम रेस में सबसे आगे चल रहा है।
दिल्ली में 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्यता की शपथ के साथ ही बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की एक अहम बैठक भी प्रस्तावित है। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शामिल हो सकते हैं। बैठक का मुख्य एजेंडा बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया और मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाना होगा। इस चर्चा में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, विजय कुमार सिन्हा और अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल रहेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नीतीश कुमार 11 अप्रैल को दिल्ली से पटना लौटेंगे, जिसके बाद सरकार बदलने की संवैधानिक प्रक्रिया शुरू होगी। संभावना जताई जा रही है कि 14 अप्रैल को इस्तीफे के बाद 15 अप्रैल को बिहार में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हो सकता है। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी शामिल होने की संभावना है। दो दशकों तक बिहार की सत्ता संभालने के बाद अब नीतीश कुमार राष्ट्रीय राजनीति में अपनी नई भूमिका निभाएंगे।