हैदराबाद। नक्सलवाद के खिलाफ चल रही मुहिम में शनिवार, 7 मार्च 2026 को एक बड़ी सफलता मिली है। तेलंगाना में 124 माओवादियों ने भारी मात्रा में आधुनिक हथियारों के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
हैदराबाद स्थित इंटरग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने सरेंडर करने वाले माओवादी कैडरों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उन्हें मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रोत्साहित किया और पुनर्वास योजनाओं का लाभ देने का आश्वासन भी दिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आत्मसमर्पण करने वालों में संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल हैं। इनमें तीन स्टेट कमेटी सदस्य, एक रीजनल कमेटी सदस्य, दस डिवीजनल कमेटी सदस्य, 46 एरिया कमेटी सदस्य और 70 सक्रिय पार्टी कार्यकर्ता शामिल बताए गए हैं।
सरेंडर के दौरान माओवादियों ने पुलिस को बड़ी संख्या में अत्याधुनिक हथियार भी सौंपे। बरामद हथियारों में 31 AK-47 राइफल, 21 INSAS राइफल, 38 SLR और 303 राइफलें तथा एक INSAS लाइट मशीन गन (LMG) शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह सामूहिक आत्मसमर्पण नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि है। सरकार की पुनर्वास नीति और सुरक्षा बलों के लगातार प्रयासों के कारण कई माओवादी अब हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय ले रहे हैं।