सक्ती। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के पदभार ग्रहण करते ही जिले में अवैध मादक पदार्थों और जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान तेज हो गया है। इसी कड़ी में सक्ती पुलिस ने जांजगीर एवं सक्ती जिले की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से राजस्थान ले जाए जा रहे दो क्विंटल से अधिक गांजे के साथ एक ट्रेलर को जब्त किया है। पकड़े गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ 45 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान निवासी एक आरोपी और एक अपचारी बालक (नाबालिग) को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 17 जून 2026 को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि एक ट्रेलर वाहन (टाटा सिगना, क्रमांक RJ09GC 5216) में भारी मात्रा में अवैध गांजा भरकर उड़ीसा से चंद्रपुर, फगुरम और खरसिया के रास्ते राजस्थान की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चौकी फगुरम प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली के नेतृत्व में टीम गठित कर घेराबंदी की गई।

पुलिस टीम ने ग्राम बोडासागर स्थित सागर फैमिली ढाबा के सामने संदिग्ध ट्रेलर को रोककर तलाशी ली। वाहन की सघन चेकिंग करने पर उसमें से 8 अलग-अलग सफेद और नीले रंग की प्लास्टिक बोरियां बरामद हुईं, जिनमें 5-5 पैकेट के हिसाब से कुल 40 पैकेट गांजा छिपाकर रखा गया था। तौल करने पर कुल 208.965 किलोग्राम गांजा पाया गया, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 45 लाख रुपये है।
पुलिस ने मादक पदार्थ और परिवहन में प्रयुक्त ट्रेलर को जब्त कर आरोपी अर्पित सिंह (निवासी थाना जेवाजा, जिला अजमेर, राजस्थान) और एक अपचारी बालक को हिरासत में ले लिया। आरोपियों के खिलाफ चौकी फगुरम में अपराध क्रमांक 219/2026, धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस बड़ी कामयाबी पर पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने अवैध गांजा पकड़ने वाली पूरी पुलिस टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस सराहनीय कार्रवाई में चौकी फगुरम प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली, साइबर सेल सक्ती प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. कंवर, सहायक उप निरीक्षक हीराराम संवरा, प्रधान आरक्षक टीकम सिंह साव, अश्वनी सिदार, लक्ष्मीनारायण राठौर, और साइबर सेल के आरक्षक अलेक्स मिंज, नान्हीराम यादव, फारूख खान, अनिल रात्रे, दिनेश कुमार पटेल व अविनाश देवांगन की मुख्य भूमिका रही।