रमेश गुप्ता रायपुर। होली पर्व के मद्देनजर सड़क सुरक्षा को लेकर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के यातायात विभाग ने नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया। रात्रि 10 बजे से 1 बजे तक तीन घंटे चले विशेष अभियान में 154 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। प्रकरणों में न्यायालय के माध्यम से लगभग 15 लाख 40 हजार रुपये की अर्थदंड राशि वसूल की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश एवं पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) विकास कुमार के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला एवं दौलत राम पोर्ते के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्तों व यातायात थाना प्रभारियों की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख आठ स्थानों—तेलीबांधा थाना के सामने, भाठागांव चौक, जयस्तंभ चौक, फाफाडीह चौक, खमतराई थाना के सामने, टाटीबंध चौक, पचपेड़ीनाका चौक एवं पंडरी थाना के सामने—स्टॉपर लगाकर सघन जांच की।

अभियान के दौरान ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच में 154 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर वाहन जप्त किए गए। जप्त वाहनों में 64 कार, 65 मोटरसाइकिल, 8 ट्रक, 12 टाटा एस पिकअप, 1 बोलेरो, 2 माजदा, 1 ट्रैक्टर एवं 1 ई-रिक्शा शामिल हैं। सभी वाहन यातायात मुख्यालय परिसर एवं संबंधित थानों में सुरक्षित रखे गए हैं।
प्रकरणों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां शराब पीकर वाहन चलाने पर प्रति प्रकरण न्यूनतम 10,000 रुपये अर्थदंड का प्रावधान है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा होली के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। आगामी दिनों में भी रात्रिकालीन चेकिंग स्थान बदल-बदलकर नियमित रूप से जारी रहेगी तथा नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं। तेज रफ्तार एवं शराब के सेवन से होने वाली दुर्घटनाएं न केवल चालक बल्कि अन्य लोगों के जीवन के लिए भी घातक साबित होती हैं। सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनें और नियमों का पालन करें।