रायपुर। यदि आप आज बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाने की योजना बना रहे हैं, तो यह जानकारी आपके लिए अहम है। दो दिन की छुट्टियों के बाद आज भी बैंक शाखाओं में ताले लटके रह सकते हैं। दरअसल, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर आज 27 जनवरी को देशभर में बैंक कर्मचारी हड़ताल पर हैं।
हफ्ते में पांच दिन कामकाज (5-डे वर्किंग वीक) को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर यह राष्ट्रव्यापी आंदोलन किया जा रहा है। इसका असर राजधानी रायपुर सहित पूरे देश में देखने को मिल रहा है। मंगलवार को अधिकांश सरकारी बैंक बंद रहेंगे।

हड़ताल के चलते स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन ओवरसीज बैंक सहित कुल 12 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक प्रभावित रहेंगे। हालांकि निजी क्षेत्र के बैंक जैसे एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, यस बैंक, आईडीएफसी बैंक और बंधन बैंक की सेवाएं सामान्य रहेंगी।
गौरतलब है कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने पहले ही ग्राहकों को संभावित असुविधा को लेकर सूचित कर दिया था। बीते तीन दिनों से बैंक लगातार बंद रहे—24 जनवरी को दूसरा शनिवार, 25 जनवरी को रविवार और 26 जनवरी को राष्ट्रीय अवकाश था। ऐसे में आज की हड़ताल के कारण आम लोगों को बैंकिंग सेवाओं में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।