बलौदाबाजार: आबकारी विभाग ने राजस्व संग्रह में बनाया रिकॉर्ड, वित्तीय वर्ष 2025-26 में 427 करोड़ से अधिक की हुई आय

बलौदाबाजार। आबकारी विभाग जिला बलौदाबाजार-भाटापारा ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान राजस्व प्राप्ति में बड़ी सफलता हासिल की है। विभाग को इस अवधि में कुल 427.56 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में 33.04 प्रतिशत अधिक है। राजस्व में हुई इस बढ़ोतरी के साथ ही विभाग ने अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध भी कड़ा शिकंजा कसा है।

राजस्व बढ़ाने के लिए जिले में पांच नई मदिरा दुकानों का संचालन शुरू किया गया है। इनमें लाहोद, गिधपुरी, करहीबाजार और हथबंद में देशी कंपोजिट मदिरा दुकानें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त भाटापारा में एक नई प्रीमियम विदेशी मदिरा दुकान भी संचालित की जा रही है। विभाग के अनुसार इन नई दुकानों के खुलने से सरकारी खजाने में अतिरिक्त राजस्व जमा हुआ है।

अवैध शराब के खिलाफ कार्यवाही का विवरण देते हुए विभाग ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में आबकारी अधिनियम के तहत कुल 746 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 6124.81 बल्क लीटर अवैध शराब, 47,730 किलोग्राम लाहन और तस्करी में प्रयुक्त 18 वाहन जब्त किए गए हैं।

आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शराब की कीमतों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की गई है। नए सत्र में विदेशी मदिरा के चीप रेंज और देशी मदिरा (मसाला व प्लेन) की विक्रय दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि, माल्ट यानी बीयर के साथ-साथ मीडियम और हाई रेंज की मदिरा की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। प्रशासन का कहना है कि अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *