बिलासपुर। शहर से लगे कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) की पुष्टि होने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने संक्रमण को रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्र से 10 किलोमीटर के दायरे में चिकन और अंडों की खरीदी-बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। प्रशासन के इस निर्णय से शहर में रोजाना करीब 50 लाख रुपये का पोल्ट्री कारोबार प्रभावित हो रहा है।
संक्रमण की रोकथाम के लिए नगर निगम, पशुपालन और खाद्य विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के पोल्ट्री फार्म, होटलों और चिकन दुकानों को बंद कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रतिबंधित क्षेत्र में कहीं भी मांस या अंडों की बिक्री पाई जाती है, तो संबंधित सामग्री को तत्काल जप्त कर नष्ट कर दिया जाएगा। इसके साथ ही होटलों और रेस्टोरेंट्स में भी इनके उपयोग पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
पशुपालन विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. जीएसएस तंवर ने बताया कि संक्रमित क्षेत्र के आसपास निगरानी के लिए 4-4 सदस्यों की 9 अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रही हैं ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे सुरक्षा की दृष्टि से स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का पालन करें।