5 दिसंबर को रिलीज हुई रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर ट्रेंड कर रही है। खास तौर पर फिल्म का गाना ‘FA9LA’ और इस ट्रैक पर अक्षय खन्ना का एंट्री सीन इस साल का सबसे चर्चित मोमेंट बनकर उभरा है। नेटिज़न्स इस गाने को बॉबी देओल के वायरल गाने ‘जमाल कुडू’ से खूब तुलना कर रहे हैं।

अक्षय खन्ना का स्वैग बना चर्चा का विषय
‘धुरंधर’ में अक्षय खन्ना ने पाकिस्तानी अंडरवर्ल्ड डॉन रहमान डकैत का रोल निभाया है। उनकी एंट्री बहरीन के मशहूर गाने ‘FA9LA’ पर होती है, जिसमें वह शांत चेहरे और जानलेवा स्वैग के साथ डांस करते हुए नजर आते हैं। दर्शकों का कहना है कि यह सीन बिल्कुल वैसी ही वाइब देता है जैसी बॉबी देओल की एंट्री ‘एनिमल’ में ‘जमाल कुडू’ पर देखने को मिली थी।
सोशल मीडिया यूज़र्स का कहना है कि “बॉबी देओल के बाद अब अक्षय खन्ना ने धमाकेदार एंट्री से शो चुरा लिया है।”

क्यों वायरल हो रहा है ‘FA9LA’?
‘FA9LA’ मूल रूप से एक बहरीनी ट्रैक है, जिसे फ्लिपराची ग्रुप ने गाया है। फिल्म में इस गाने के साथ अक्षय की स्माइल, स्लो वॉक और घातक स्वैग ने दर्शकों को दीवाना बना दिया है। यही वजह है कि यह गाना तेजी से रील्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ट्रेंड कर रहा है।
‘धुरंधर’ की सफलता
फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है। यह एक जासूसी एक्शन थ्रिलर है जिसमें रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और अक्षय खन्ना जैसे बड़े कलाकार हैं।
5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई ‘धुरंधर’ को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म ने सिर्फ दो दिनों में ही बॉक्स ऑफिस पर 60 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं।
- पहला दिन: 27 करोड़ रुपये
- दूसरा दिन: 33 करोड़ रुपये