उड़ान से पहले एअर इंडिया प्लेन में तकनीकी खामी
दिल्ली से पेरिस वाली फ्लाइट भी रद्द
कोलकाता
अहमदाबाद में मंगलवार को प्लेन क्रैश की घटना के बाद 5 दिन में अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की लगातार दूसरी फ्लाइट कैंसिल कर दी गई है। इसके पीछे तकनीकी खामी को वजह बताया गया है।
आज फ्लाइट संख्या AI-159 अहमदाबाद से दोपहर 1:10 बजे लंदन के लिए उड़ान भरने वाली थी। जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट के टेकऑफ से कुछ घंटे पहले ही इस तकनीकी खराबी का पता चला। कल भी सोमवार को भी अहमदाबाद से लंदन की फ्लाइट रद्द की गई थी। आज की 18 जून के लिए रिशेड्यूल की जाएगी।
वहीं, फ्लाइट कैंसिल होने के बाद एक यात्री ने कहा- इस तरह से जनता को परेशान मत करो। यहां आने के बाद आप बताते हैं कि फ्लाइट रद्द कर दी गई है। अब 250 लोग क्या करेंगे? कहां रहेंगे। एयरलाइंस की तरफ से कोई उचित व्यवस्था नहीं है।’
इधर, लंदन वाली फ्लाइट के अलावा दिल्ली से पेरिस जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI142 भी टेक्निकल परेशानी आने पर रद्द की गई। फ्लाइट की उड़ान से पहले जांच की जा रही थी, तभी टेक्निकल परेशानी दिखी।
एअर इंडिया ने कहा है कि परेशानी को दूर किया जा रहा है। यात्रियों के होटल में ठहरने की व्यवस्था की गई है। टिकट कैंसिल कराने वाले यात्रियों को पूरा पैसा लौटाया जा रहा है।
एअर इंडिया की सफाई- तकनीकी खामी नहीं, विमानों की कमी से फ्लाइट कैंसिल हुई
एअर इंडिया ने सफाई दी है कि अहमदाबाद से लंदन के गैटविक की फ्लाइट AI159 को एयरक्राफ्ट की कमी के चलते रद्द किया गया है, न कि तकनीकी खामी की वजह से। एयर स्पेस प्रतिबंधित होने और अतिरिक्त जांच के चलते एयरक्राफ्ट्स को अपने डेस्टिनेशन तक पहुंचने में ज्यादा वक्त लग रहा है।
एअर इंडिया ने कहा कि आज की फ्लाइट कैंसिल होने से पैसेंजर्स को जो परेशानी हुई है, उसका हमें खेद है। हमने सभी यात्रियों के लिए उड़ान की दूसरी व्यवस्था कर दी है। साथ ही हम उनके होटल में रुकने की व्यवस्था भी कर रहे हैं। अगर कोई यात्री टिकट कैंसिल कराना चाहता है, तो हम पूरा पैसा रिफंड करेंगे। अगर कोई अपनी फ्लाइट रिशेड्यूल कराना चाहता है, तो हम वो भी करेंगे।
इसके साथ ही एअर इंडिया ने बताया कि लंदन से अहमदाबाद के रास्ते अमृतसर जाने वाली फ्लाइट संख्या AI170 भी आज कैंसिल रहेगी।
एअर इंडिया ने अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट का नाम बदला
प्लेन क्रैश के बाद एअर इंडिया ने अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट का नंबर बदलने का फैसला किया है। अब यह AI-159 होगा। वापसी की उड़ान का भी नंबर बदलकर AI-160 किया जाएगा। पहले इस फ्लाइट का नंबर AI-171 था।
इससे पहले 2014 में किसी एयरलाइन ने अपनी उड़ान संख्या बदली थी। मलेशियन एयरलाइंस की कुआलालंपुर से बीजिंग जा रही उड़ान MH370 के लापता हो जाने के बाद उस रूट की फ्लाइट संख्या को बदलकर MH318 कर दिया गया था।
3 दिन में 6 फ्लाइट प्रभावित हुईं… इनमें तीन एअर इंडिया की
सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में सोमवार रात को तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते यात्रियों को मंगलवार सुबह कोलकाता एयरपोर्ट पर प्लेन से उतारना पड़ा। फ्लाइट नंबर AI180 कोलकाता होते हुए मुंबई जा रही थी। बोइंग 777-200LR (वर्ल्डलाइनर) विमान 17 जून को रात 12:45 बजे समय पर कोलकाता पहुंचा था। इसे मुंबई के लिए रात 2:00 बजे रवाना होना था।
विमान के बाएं इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण टेकऑफ में देरी हुई। इसके बाद सुबह करीब 5:20 बजे कैप्टन ने यात्रियों से कहा गया कि वे प्लेन से नीचे उतर जाएं। उन्होंने बताया कि यह फैसला फ्लाइट सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
17 जून: इंडिगो विमान में बम की सूचना
मस्कट (ओमान) से कोच्चि होते हुए दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई है। एयरलाइंस को सूचना मिली थी कि विमान में बम रखा गया है।
इसके बाद फ्लाइट को नागपुर डायवर्ट किया गया और लैंड कराया गया। नागपुर के DCP लोहित मातानी ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया है और विमान की तालाशी ली जा रही है। हालांकि, अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
16 जून: एअर इंडिया की दो फ्लाइट्स को वापस लौटना पड़ा
पहली फ्लाइट: हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट (नंबर AI315) वापस लौट गई थी। इसमें तकनीकी खराबी की बात सामने आई थी। यह उड़ान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर की थी।
दूसरी फ्लाइट: दिल्ली से रांची जाने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को संदिग्ध तकनीकी समस्या के कारण उड़ान भरने के तुरंत बाद वापस दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। बोइंग 737 मैक्स 8 विमान को शाम 6:20 बजे रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर उतरना था।
15 जून: ब्रिटिश एयरवेज और लुफ्थांसा एयरलाइन की दो फ्लाइट वापस लौटीं
पहली फ्लाइट: ब्रिटिश एयरवेज के चेन्नई आ रहे बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर को तकनीकी खराबी के चलते लौटना पड़ा।
दूसरी फ्लाइट: लुफ्थांसा एयरलाइन (जर्मनी) के बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके चलते प्लेन को लैंडिंग की परमिशन नहीं मिली और लौटना पड़ा।
रविवार को लखनऊ में लैडिंग के दौरान फ्लाइट से चिनगारी निकली
लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर रविवार सुबह सऊदी अरबिया एयरलाइन की फ्लाइट SV-3112 की लैंडिंग के दौरान पहिए से चिनगारी और धुआं निकलने लगा। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को इसकी सूचना दी। इस दौरान विमान में हजयात्री बैठे हुए थे। पायलट ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए विमान को रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। एयरपोर्ट की फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर फोम और पानी का छिड़काव किया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद स्थिति पर पूरी तरह काबू पाया गया। घटना का वीडियो सोमवार सुबह सामने आया।