advanced farming:उन्नत खेती करने का तरीका समझ रहे किसान..चलाया जा रहा विकसित कृषि संकल्प अभियान

:राजेश राज गुप्ता:

कोरिया:  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय कृषि मंत्री  शिवराज सिंह चौहान की संकल्पना से प्रेरित विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत कोरिया जिले में किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से अवगत कराने हेतु विशेष कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य किसान, अनुसंधान और विज्ञान को एक मंच पर लाकर खेती को लाभकारी और टिकाऊ बनाना है।

कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी एवं जिला नोडल अधिकारी व मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत के मार्गदर्शन में तीन सदस्यीय कृषि वैज्ञानिकों की टीम गठित की गई है। यह टीम 29 मई से प्रतिदिन जिले के विभिन्न क्लस्टर गांवों में जाकर खरीफ मौसम के लिए वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों की जानकारी किसानों को दे रही है।

अब तक जिले के 42 क्लस्टर गांवों में कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हो चुके हैं।कार्यक्रमों के दौरान किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत कास्त तकनीक, जैविक खेती, दलहन-तिलहन फसल, मृदा स्वास्थ्य कार्ड आधारित उर्वरक प्रबंधन, नवीन कृषि यंत्रों का उपयोग, ड्रोन प्रदर्शन, जल संरक्षण तकनीक, बीज उपचार एवं समन्वित कीट प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

अभियान में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य विभाग के अधिकारी शामिल हैं। अभियान की एक खास बात यह है कि गांवों के प्रगतिशील किसान भी अपने अनुभव साझा कर अन्य किसानों को प्रेरित कर रहे हैं। यह किसान अब धान के साथ साथ दलहन-तिलहन रकबा को बढ़ाने में रुचि दिख रहे हैं। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं