अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन 2026: विश्वास, विकास और बदलाव की सामूहिक दौड़, CM साय भी दौड़ में हुए शामिल…

रायपुर। अबूझमाड़ की धरती से देश-दुनिया को शांति, सद्भाव और विकास का सशक्त संदेश देते हुए शनिवार को अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन 2026 का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नारायणपुर के हाईस्कूल परिसर के समीप आयोजित हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और सांकेतिक रूप से स्वयं भी दौड़ में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विजयी प्रतिभागियों को दिए जाने वाले मेडल का भी अनावरण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अबूझमाड़ की धरती से पूरे देश और दुनिया को अमन और शांति का मजबूत संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह वही अबूझमाड़ है, जहां कभी आम नागरिकों और सुरक्षाबलों का पहुंचना भी कठिन था, लेकिन अब सकारात्मक माहौल के कारण हजारों लोग यहां एकत्रित हुए हैं। युवाओं का जोश यह संकेत देता है कि बस्तर माओवाद से मुक्ति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और जल्द ही यह क्षेत्र खुशहाली से आबाद होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परिवर्तन डबल इंजन सरकार की नीतियों और नेतृत्व का परिणाम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संकल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद के समूल उन्मूलन का लक्ष्य तय किया गया है और बस्तर को लाल आतंक से पूरी तरह मुक्त किया जाएगा। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष में लगे सुरक्षा बलों के अधिकारियों और जवानों के साहस, पराक्रम और बलिदान को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में बस्तर क्षेत्र में 351 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया है। उन्होंने कहा कि चार दशकों तक विकास से वंचित रहे इस क्षेत्र में अब विकास की गंगा निरंतर बहेगी और बस्तर को छत्तीसगढ़ की विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।

यह 21 किलोमीटर लंबी हाफ मैराथन नारायणपुर से बासिंग तक आयोजित की गई, जिसमें देश-विदेश से आए 60 से अधिक विदेशी धावकों सहित 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। मैराथन से पूर्व हाईस्कूल परिसर में जुंबा वॉर्म-अप कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें हजारों प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

आत्मसमर्पित माओवादियों की सहभागिता बनी आयोजन की पहचान

इस आयोजन की सबसे खास और ऐतिहासिक बात यह रही कि आत्मसमर्पित माओवादी युवाओं ने हथियार छोड़कर शांति और मुख्यधारा में लौटने का संदेश देते हुए मैराथन में हिस्सा लिया। नारायणपुर की अबूझमाड़िया जनजाति और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और अधिक प्रभावशाली और प्रेरणादायी बना दिया।

कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक केदार कश्यप, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद महेश कश्यप, लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, पद्मश्री वैद्यराज हेमचंद मांझी, मुख्यमंत्री सचिव राहुल भगत, बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी पी. सुंदरराज, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक राबिनसन गुरिया, जिला सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *