करोड़ों की गाड़ियों को खुर्द-बुर्द करने वाला शातिर ठग जयपुर से गिरफ्तार, पुलिस की वर्दी पहनकर 42 लोगों से की थी धोखाधड़ी

ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस ने करोड़ों रुपये मूल्य के वाहनों को किराए पर लेकर उन्हें खुर्द-बुर्द करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच ने आरोपी हिमाचल शर्मा को जयपुर से हिरासत में लिया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।

पुलिस के अनुसार, पटेल नगर सिटी सेंटर निवासी हिमाचल शर्मा ने टूर एंड ट्रेवल्स का काम करने वाले लगभग 42 लोगों को अपना शिकार बनाया था। आरोपी ने पुलिस सब इंस्पेक्टर की वर्दी पहनकर खुद को सरकारी रसूख वाला व्यक्ति बताया और लोगों को उनकी महंगी एसयूवी, ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर और ट्रक के लिए भारी किराए का लालच दिया। विश्वास जीतने के बाद उसने इन वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया और उनमें लगे जीपीएस सिस्टम को हटा दिया।

धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब वाहन मालिकों ने किराए की मांग की या गाड़ियों को सर्विस के लिए वापस मांगा। आरोपी ने न तो किराया दिया और न ही वाहन लौटाए, जिसके बाद वह ग्वालियर छोड़कर जयपुर फरार हो गया। एसएसपी धर्मवीर सिंह के पास सामूहिक शिकायत पहुंचने के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने फरीदाबाद के एक साथी के साथ मिलकर इन वाहनों को खुर्द-बुर्द किया है। पुलिस अब फरार साथी की तलाश और वाहनों की बरामदगी में जुटी है।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *