जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग पर रफ्तार का कहर जारी है। जगदलपुर के डिलमिली पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार टिप्पर और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे की चपेट में सड़क किनारे खड़ी एक कार भी आ गई। ट्रक और कार अनियंत्रित होकर पास के एक पेड़ से जा टकराए। इस दर्दनाक हादसे में ट्रक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक पर नियंत्रण खोने के बाद वह किनारे खड़ी कार को घसीटते हुए पेड़ से जा भिड़ा। हादसे में कार चालक को चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग बीजापुर से कैटरिंग का काम पूरा कर वापस लौट रहे थे। ट्रक चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं अन्य पांच घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ ही मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटाने की कार्रवाई की जा रही है।