रायपुर। राजधानी के पंडरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध पिस्टल के साथ घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल और खाली मैगजीन बरामद की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान पुरानी बस्ती निवासी नंदू शर्मा के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नॉर्थ जोन के पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने जानकारी दी कि 15 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि पंडरी स्थित भिक्षुक केंद्र के पास एक संदिग्ध युवक हथियार लेकर घूम रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर हुलिए के आधार पर आरोपी को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्टल और खाली मैगजीन बरामद हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी नंदू शर्मा ने दावा किया कि उसे यह पिस्टल कचरे के ढेर में पड़ी मिली थी। हालांकि, पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है और पूर्व में भी हत्या व मारपीट जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में तो नहीं था।