पूर्व पार्षद ने महिला को बाल पकड़कर कीचड़ में पटका, सरेराह बेरहमी से की पिटाई

मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है। यहाँ एक कांग्रेस के पूर्व पार्षद ने अपनी दबंगई दिखाते हुए एक महिला को बीच सड़क पर बेरहमी से पीटा। विवाद महज गंदे पानी की निकासी को लेकर शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

गंदे पानी के विवाद में खोया आपा

घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की राठौर कॉलोनी की है। जानकारी के अनुसार, कॉलोनी में चैंबर के गंदे पानी की निकासी को लेकर कांग्रेस के पूर्व पार्षद शनि उर्फ गौरव यादव और पड़ोस में रहने वाली महिला के बीच कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि पूर्व पार्षद और उसके परिजनों ने महिला पर हमला कर दिया।

कीचड़ में पटककर की पिटाई

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी पूर्व पार्षद महिला के बाल पकड़कर उसे घसीट रहा है। उसने महिला को सड़क पर फैले कीचड़ में पटक दिया और उसके साथ मारपीट की। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। सरेराह एक महिला के साथ इस तरह के बर्ताव को देखकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पीड़िता ने इस अपमानजनक घटना के बाद सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व पार्षद शनि यादव समेत तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *