टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान ऑनलाइन सट्टा का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार, क्रेटा कार, 12 मोबाइल और लाखों के सट्टे का हिसाब जब्त…

रमेश गुप्ता रायपुर । टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले गिरोह पर रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा और डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने की। आरोपियों के कब्जे से 12 मोबाइल फोन, 16 हजार रुपये नकद, एक क्रेटा कार और लाखों रुपये के सट्टे का हिसाब बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 8 मार्च 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच के दौरान तेलीबांधा क्षेत्र में कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चारपहिया वाहन में बैठे संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।


पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम धरमू उर्फ धर्मेन्द्र पोहानी, संजय तकटानी उर्फ सोनू, राहुल असलानी और अभय शर्मा उर्फ अब्बू बताया। जांच में पाया गया कि आरोपी kingdombooks.com और jmdbet777.com जैसी ऑनलाइन बेटिंग साइट्स के जरिए आईडी बनाकर लोगों को सट्टा खिलवा रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 8 मोबाइल फोन, 16 हजार रुपये नकद, एक क्रेटा कार (CG 04 MP 0633) और लाखों रुपये के सट्टे का हिसाब जब्त किया।
इस मामले में थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 112/26 के तहत धारा 4(क) जुआ एक्ट और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार धरमू उर्फ धर्मेन्द्र पोहानी पूर्व में भी सट्टे के मामले में जेल जा चुका है, जबकि अभय शर्मा उर्फ अब्बू सट्टा और मारपीट के मामलों में पहले भी जेल निरुद्ध रह चुका है।


इसी तरह एक अन्य कार्रवाई में थाना डी.डी. नगर क्षेत्र के सत्यम विहार कॉलोनी रायपुरा में भी पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खेलते दो आरोपियों अनिल खत्री और लीला राम पहलाजानी को गिरफ्तार किया। ये आरोपी Onebet9.com वेबसाइट के माध्यम से क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से 4 मोबाइल फोन (करीब 1 लाख रुपये कीमत) और लगभग 2 लाख रुपये के सट्टे का हिसाब बरामद किया है। इस मामले में थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 169/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।


पुलिस का कहना है कि आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर आईडी लेकर ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की भी पहचान की जा रही है, जिनके खिलाफ भी जल्द वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि वर्ष 2026 में अब तक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम द्वारा ऑनलाइन सट्टे के कुल 7 मामलों में 28 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 2 करोड़ 25 लाख 35 हजार 600 रुपये का मशरूका जब्त किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *