परिवार के प्रति जताई गहरी संवेदना, दोषियों पर कार्यवाही और आर्थिक मदद का दिया भरोसा
सक्ती। जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोरखापाली में होली के दिन हुई हिंसक घटना तथा कोटवार रथराम सिदार की उपचार के दौरान हुई मृत्यु को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मृतक की पत्नी से दूरभाष के माध्यम से बातचीत कर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया तथा इस घटना को अत्यंत निंदनीय बताया।
जूदेव ने कहा कि होली जैसे सामाजिक सौहार्द के पर्व पर इस प्रकार की हिंसक घटना होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है, ताकि इस कठिन समय में परिवार को सहारा मिल सके।
उन्होंने कहा कि इस घटना में शामिल दोषियों के विरुद्ध कानूनी प्रक्रिया के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने प्रशासन से भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने की मांग की है।
भाजपा ने इस घटना को गंभीर बताते हुए पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने तथा उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है।