Dhirendra Krishna Shastri : छतरपुर। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को धूल चटाकर तीसरी बार विश्व विजेता बनने वाली भारतीय टीम को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अनोखे अंदाज में बधाई दी है। मध्य प्रदेश समेत पूरे देश में मचे जीत के जश्न के बीच धीरेंद्र शास्त्री ने उन चर्चाओं पर विराम लगा दिया, जिनमें अहमदाबाद के मैदान या किसी खास दिन को ‘अशुभ’ या ‘पनौती’ कहा जा रहा था।
रणनीति और कड़े परिश्रम की जीत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि यह जीत खिलाड़ियों की सटीक रणनीति और उनके अटूट परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में संदेश दिया कि “जुनून के आगे पनौती कुछ भी नहीं है।” बाबा ने कहा कि कोई भी दिन, कोई खिलाड़ी या कोई मैदान कभी अशुभ नहीं होता। अगर सही रणनीति, अटूट जोश और ईश्वर की कृपा साथ हो, तो दुनिया की हर बाधा को पार किया जा सकता है।
अहमदाबाद में भारत ने गाड़ा झंडा रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने टॉस हारने के बावजूद कीवियों को 96 रनों से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 5 विकेट खोकर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम महज 159 रनों पर ही ढेर हो गई।
विवादों को किया सिरे से खारिज सोशल मीडिया पर अक्सर हार के लिए मैदान या किसी पुरानी घटना को ‘पनौती’ बताकर जोड़ा जाता है, लेकिन बागेश्वर महाराज ने इसे पूरी तरह से खारिज कर दिया। उन्होंने इस जीत को पूरे देश के लिए गौरव का क्षण बताते हुए समस्त क्रिकेट प्रेमियों को जीत की बधाई दी।