आगरा। ताजनगरी आगरा अपनी मोहब्बत के लिए मशहूर है, लेकिन रविवार की रात यहाँ एक अलग ही किस्म का ‘निकाह’ देखने को मिला। मौका था टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल का और सामने थी न्यूजीलैंड की टीम। पूरे देश की तरह आगरा भी क्रिकेट के बुखार में तप रहा था, लेकिन यहाँ एक बारात ने जो मिसाल पेश की, उसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।
बैंड-बाजा नहीं, लाइव कमेंट्री पर थिरके बाराती आमतौर पर बारातों में लोग फिल्मी गानों और डीजे की धुन पर नाचते हैं, लेकिन आगरा की इस अनोखी बारात में माहौल बिल्कुल जुदा था। यहाँ दूल्हे की बारात निकल रही थी, पर बारातियों के कान बैंड-बाजे पर नहीं बल्कि मैच की लाइव कमेंट्री पर टिके थे। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि ढोल की थाप के बीच एक शख्स हाथ में माइक थामे हर गेंद का अपडेट दे रहा है। जैसे ही विकेट गिरता या रन बनते, बाराती झूम उठते।
“चार ओवर, दो विकेट…” और गूंज उठा भारत माता की जय सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने इस वीडियो में कमेंट्री कर रहा युवक कहता है— “चार ओवर होने वाले हैं, न्यूजीलैंड का स्कोर 36 रन पर दो विकेट है। भारत बड़े ही कमाल का मैच खेल रहा है और जीत की ओर बढ़ रहा है।” इसके तुरंत बाद पूरी बारात ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से गूंज उठती है। बारातियों का जोश देखकर ऐसा लग रहा था मानो बारात नहीं, बल्कि स्टेडियम में मैच चल रहा हो।
सोशल मीडिया पर तारीफों की बाढ़ इस वीडियो को लेकर इंटरनेट यूजर्स मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “दूल्हे राजा की बारात में सूर्या के छक्कों का शोर बैंड से भी ज्यादा था। यह सिर्फ भारत में ही मुमकिन है जहाँ शादी की रस्मों से ज्यादा वर्ल्ड कप की ट्रॉफी का घर आना जरूरी है।” पूरे यूपी में जीत का जश्न सिर्फ आगरा ही नहीं, बल्कि नोएडा और लखनऊ में भी जीत का ऐसा ही जुनून देखने को मिला। ग्रेटर नोएडा की सोसाइटियों में बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगाई गई थीं। जैसे ही न्यूजीलैंड का आखिरी विकेट गिरा, लोग ढोल-नगाड़ों के साथ सड़कों पर उतर आए। लोगों का कहना है कि भारत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि खेल हो या विज्ञान, तिरंगा हर जगह सबसे ऊंचा रहेगा।