India vs New Zealand Final : अहमदाबाद। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज भारतीय क्रिकेट के स्वर्णिम अध्याय का एक और पन्ना लिखा गया। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों से करारी शिकस्त देकर विश्व विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारत दुनिया की पहली ऐसी टीम बन गई है, जिसने न केवल अपने घरेलू मैदान पर खिताब जीता, बल्कि सफलतापूर्वक अपने टाइटल का बचाव करते हुए तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाई।
बल्लेबाजों का तूफान: खड़ा किया रनों का हिमालय टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही कीवी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाना शुरू कर दिया। सलामी जोड़ी अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने पावरप्ले का भरपूर फायदा उठाया और मात्र 7.1 ओवर में 98 रनों की तूफानी साझेदारी कर डाली। अभिषेक ने मात्र 21 गेंदों में 52 रनों की पारी खेली, जबकि संजू सैमसन ने 47 गेंदों में 89 रनों का योगदान दिया। मध्यक्रम में ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन कूटकर रनों की गति को कम नहीं होने दिया। अंत में शिवम दुबे ने महज 8 गेंदों में 26 रन बनाकर भारत का स्कोर 255 रनों तक पहुँचा दिया, जो टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
अक्षर और बुमराह की घातक गेंदबाजी 256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। कप्तान सूर्या ने चाल चलते हुए तीसरे ही ओवर में अक्षर पटेल को गेंद सौंपी, जिन्होंने फिन एलन को पवेलियन भेजकर कीवी खेमे में खलबली मचा दी। अगले ही ओवर में जसप्रीत बुमराह ने न्यूजीलैंड को दूसरा बड़ा झटका दिया। पावरप्ले खत्म होने तक न्यूजीलैंड अपने 3 मुख्य विकेट गंवा चुका था और यहीं से मैच भारत की मुट्ठी में आता दिखने लगा।
नियमित अंतराल पर गिरे विकेट अक्षर पटेल ने अपनी फिरकी का जादू जारी रखते हुए ग्लेन फिलिप्स को भी चलता किया। न्यूजीलैंड का कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सटीक लाइन-लेंथ के सामने टिक नहीं सका। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। अंततः टीम इंडिया ने यह मुकाबला 96 रनों के बड़े अंतर से जीतकर करोड़ों भारतीयों को जश्न मनाने का मौका दे दिया।
टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।