196 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा पुजारीकांकेर में सिविक एक्शन कार्यक्रम एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन

बीजापुर :- 196 बटालियन, सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) द्वारा पुजारीकांकेर, बीजापुर में सिविक एक्शन कार्यक्रम एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शालीन, पुलिस महानिरीक्षक, सीजी सेक्टर एवं बी. एस. नेगी, पुलिस उप महानिरीक्षक (ऑपरेशन) रेंज बीजापुर के कुशल मार्गदर्शन में तथा कुमार मनीष, कमांडेंट-196 की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कुणाल किशोर (उप कमांडेंट), रमेश नायक (सहायक कमांडेंट) तथा तरुण कुमार मीणा (सहायक कमांडेंट एवं पुजारीकांकेर कैम्प कमांडर) की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. दुष्यंत मिहिर जैसर (फील्ड अस्पताल पामेड़) भी चिकित्सा शिविर में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ड्रम, कंबल, सोलर लैंप, कृषि कार्य हेतु कृषि संसाधन, बच्चों के लिए स्कूल बैग, पाठन-लेखन सामग्री, कपड़े एवं खेल-कूद सामग्री आदि दैनिक उपयोग की वस्तुएँ वितरित की गईं।
इसके साथ ही आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में डॉ. दुष्यंत मिहिर जैसर एवं मेडिकल स्टाफ द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, मलेरिया की जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयाँ भी उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम के दौरान श्री कुणाल किशोर, उप कमांडेंट-196 ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने कार्यक्रम के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सीआरपीएफ के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना की।
यह पहल सुरक्षा बलों एवं स्थानीय जनता के मध्य विश्वास, सहयोग और समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *