छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से अवैध अफीम की खेती का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। समोदा गांव में भुट्टे की फसल के बीच अफीम की खेती किए जाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, समोदा गांव में गुप्त सूचना मिलने पर जेवरा-सिरसा चौकी पुलिस ने एएसपी मणिशंकर चंद्रा के नेतृत्व में मौके पर दबिश दी। पुलिस टीम ने खेत में पहुंचकर जांच की तो भुट्टे की फसल के बीच अफीम के पौधे उगाए जाने की पुष्टि हुई।
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि शुक्रवार को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापा मारा। मौके से एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे और भी खुलासे होने की संभावना है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दुर्ग जिले में अफीम की अवैध खेती का यह पहला मामला सामने आया है। खेत में भुट्टे की फसल के बीच अफीम के पौधे देखकर पुलिस टीम भी हैरान रह गई।
फिलहाल पुलिस संदिग्ध से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अफीम की खेती कब से की जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद की जाएगी।