Sehore Double Murder : आष्टा (सीहोर)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के आष्टा से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ एक ताऊ ने अपने ही सगे भतीजा-भतीजी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना तब हुई जब दोनों भाई-बहन अपने सुनहरे भविष्य का सपना लिए परीक्षा देने घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में घात लगाए बैठे ताऊ ने मौत का खूनी खेल खेल दिया। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
परीक्षा केंद्र की जगह श्मशान पहुँच गए भाई-बहन वारदात आष्टा के सिद्दीगंज थाना क्षेत्र के धरमपुरी गाँव की है। मृतका युवती की उम्र 20 वर्ष और उसके छोटे भाई की उम्र 18 वर्ष थी। शुक्रवार की सुबह दोनों भाई-बहन अपनी परीक्षा देने के लिए घर से निकले थे। जैसे ही वे रास्ते में पहुँचे, उनके ताऊ ने पुराने पारिवारिक विवाद के चलते उन पर लठ (भारी लाठी) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना जोरदार था कि दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुरानी रंजिश ने उजाड़ दिया परिवार प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी और उसके छोटे भाई (मृतकों के पिता) के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपी ने मासूम भाई-बहन को निशाना बनाया। घटना की सूचना मिलते ही सिद्दीगंज पुलिस बल मौके पर पहुँचा और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल को सील कर दिया है और आरोपी ताऊ की तलाश शुरू कर दी है। एक ही परिवार के दो चिरागों के बुझने से गाँव में मातम छाया हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।