शराब के विवाद में चाचा बना कातिल, भतीजे की लोहे की पाइप से हत्या

दुर्ग। होली पर्व से ठीक पहले दुर्ग जिले के जामुल क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपने ही भतीजे की जान ले ली। मृतक की पहचान हेमंत साहू के रूप में हुई है, जबकि आरोपी चाचा आशीष साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात जामुल के रावणभाटा इलाके में आशीष साहू अपने भतीजे हेमंत साहू के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि गुस्से में आकर आशीष साहू ने पास में रखी लोहे की पाइप उठाई और हेमंत के सिर के पीछे जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से हेमंत लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। लगातार हमले के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मृतक की पत्नी ने जामुल थाने को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *