बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) परिसर में सोमवार को आयोजित होली मिलन कार्यक्रम के दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। ब्रदरहुड पैनल द्वारा आयोजित ‘रंग बरसे 0.5’ कार्यक्रम में कुछ छात्र आपस में भिड़ गए, जिससे कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक ऑडिटोरियम के सामने तेज ध्वनि में साउंड सिस्टम लगाकर छात्र रंग-गुलाल के साथ होली का उत्सव मना रहे थे। छात्र-छात्राएं डांस कर रहे थे और उत्सव का माहौल बना हुआ था। इसी दौरान कुछ छात्र कथित रूप से नशे की हालत में एक-दूसरे के कपड़े खींचने और फाड़ने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ छात्र आपस में मारपीट करने लगे। स्थिति बिगड़ते ही अन्य छात्र मौके से हट गए।

वीडियो फुटेज में कुछ छात्र एक-दूसरे पर हाथ उठाते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि घटना के बाद न तो पुलिस कैंपस पहुंची और न ही किसी पक्ष की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
चार दिन पहले भी हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी कैंपस में होली मिलन कार्यक्रम के दौरान छात्रों के बीच झड़प हो चुकी है। चार दिन पूर्व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी इसी तरह का विवाद सामने आया था।
कुछ छात्रों का कहना है कि दोनों घटनाओं के पीछे नशे और विश्वविद्यालय प्रशासन की ढिलाई प्रमुख कारण हो सकते हैं। उनका मानना है कि पहले विवाद के बाद प्रबंधन को इस तरह के आयोजनों की अनुमति देने से पहले सतर्कता बरतनी चाहिए थी।
देखें वीडियो-