जगदलपुर, 2 मार्च 2026। रंगों के पर्व होली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए बस्तर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। 2 मार्च की रात होलिका दहन और 3-4 मार्च को रंगोत्सव को देखते हुए शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 400 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।

ड्रोन और CCTV से 24 घंटे निगरानी
इस बार सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से और मजबूत बनाया गया है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में लगे CCTV कैमरों के जरिए कंट्रोल रूम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों की मदद से भी भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
ब्लैक पैंथर दस्ते की विशेष गश्त
होली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ब्लैक पैंथर दस्ते को मोटरसाइकिल गश्त पर लगाया गया है। पेट्रोलिंग वाहन लगातार शहर और ग्रामीण इलाकों में भ्रमण करेंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ब्रेथ एनालाइजर जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने पर वाहन जब्त कर लिया जाएगा और तीन दिन तक नहीं छोड़ा जाएगा।
मास्क बिक्री पर प्रतिबंध, दुकानदारों को निर्देश
सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रंग और पिचकारी की दुकानों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस ने होली के दौरान मास्क की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है, ताकि असामाजिक तत्व किसी प्रकार की गड़बड़ी न कर सकें।
माड़पाल क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात
होलिका दहन को लेकर माड़पाल क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।
शहर में फ्लैग मार्च
कोतवाली थाना से सभी थाना प्रभारियों, सीएसपी, एसडीओपी, डीएसपी और एएसपी की मौजूदगी में लगभग 400 जवानों ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान आमजन को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ होली मनाने का संदेश दिया गया।
पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि, हुड़दंग या असामाजिक तत्वों की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।