अम्बिकापुर। आगामी होली पर्व और रंगोत्सव को देखते हुए सरगुजा पुलिस ने जिले में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। जिले भर में 500 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहेंगे, जो हुड़दंगियों और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पैनी नजर रखेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था का खाका
होली के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 08 राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में 75 निरीक्षक, उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षकों सहित कुल 500 बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा के लिए जिले में 67 फिक्स पिकेट, 28 पेट्रोलिंग पार्टी और 07 विशेष ‘बाज’ बाइक पेट्रोलिंग टीमें बनाई गई हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष महिला गश्ती दल संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रहेगा। इसके अलावा, रक्षित निरीक्षक के नेतृत्व में रिजर्व बल और प्रमुख जलाशयों पर भी पुलिस टीम तैनात की गई है।
ट्रैफिक और हुड़दंग पर सख्ती
एसएसपी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि तीन सवारी (ट्रिपल राइडिंग), शराब पीकर वाहन चलाने वालों और नाबालिग वाहन चालकों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए। हर प्रमुख चौक-चौराहों पर ‘ब्रेथ एनालाइजर’ से चेकिंग की जाएगी। बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए बिना अनुमति डीजे बजाने या विवादित संगीत बजाने पर डीजे जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
आपातकालीन चिकित्सा और हेल्पलाइन
सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में घायलों को तुरंत उपचार दिलाने के लिए थाना प्रभारियों को जिला अस्पताल से समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिक किसी भी आपात स्थिति में सरगुजा पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 9479193599 या डायल 112 पर सूचना दे सकते हैं।
सरगुजा पुलिस द्वारा जारी विस्तृत एडवाइजरी:
शांति बनाए रखें: नागरिकों से शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की गई है।
यातायात नियमों का पालन: हेलमेट जरूर पहनें, तीन सवारी न बैठें और गति सीमा का ध्यान रखें।
जबरदस्ती रंग न डालें: किसी भी व्यक्ति पर उसकी इच्छा के विरुद्ध रंग या ज्वलनशील पदार्थ न डालें।
मुखौटा प्रतिबंध: किसी भी प्रकार के मुखौटे का प्रयोग न करें।
नशा और ड्राइविंग: शराब पीकर वाहन न चलाएं, पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
त्वरित सूचना: किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।
सोशल मीडिया पर नजर: सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाली पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।