रमेश गुप्ता दुर्ग। थाना अमलेश्वर क्षेत्र स्थित कृष्णा वाटिका रिसॉर्ट में संचालित हो रहे जुआ अड्डे पर दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। संयुक्त छापामार कार्रवाई में पुलिस ने ₹3,59,470 नगद सहित 25 लाख रुपये से अधिक मूल्य की सामग्री जप्त की है।
पुलिस के अनुसार 01 मार्च 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि रिसॉर्ट परिसर में कुछ व्यक्ति ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद थाना अमलेश्वर पुलिस एवं एसीसीयू टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। मौके पर 16 व्यक्तियों को हार-जीत का दांव लगाते पकड़ा गया।

नगद, मोबाइल व वाहन जप्त
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से ₹3,59,470 नगद राशि, 22 मोबाइल फोन जप्त किए गए। इसके अतिरिक्त मौके पर खड़ी 03 मोटरसाइकिल एवं 03 चारपहिया वाहन भी जप्त किए गए। जप्त वाहनों सहित कुल सामग्री का अनुमानित मूल्य 25 लाख रुपये से अधिक बताया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में रोहित निर्मलकर (43), नरेश सोनकर (29), प्रमोद वर्मा (34), मुकेश कुमार धीमर (28), संजू सोनकर (30), नारायण टंडन (24), डिजेन्द्र निर्मलकर (30), पुनीत राम साहू (46), विनोद अमरदास (35), शुभम चंद्राकर (30), गोपाल सोनकर उर्फ गोपी (52), मनीष साहू उर्फ गुड्डू (30), सोनू साहू उर्फ दुर्गेश (29), सत्यनारायण साहू (42), संजय साहू (32) एवं महेंद्र साहू (46) शामिल हैं। अधिकांश आरोपी रायपुर एवं दुर्ग जिले के निवासी बताए गए हैं।
संयुक्त टीम की सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई थाना अमलेश्वर पुलिस एवं एसीसीयू टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सतत अभियान जारी रहेगा।