दुर्ग: एनएच–53 के लिए वैकल्पिक मार्ग का प्रस्ताव, संयुक्त निरीक्षण संपन्न
भिलाई (रमेश गुप्ता): दुर्ग–रायपुर के बीच स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 53 (एनएच–53) पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस, दुर्ग द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। बढ़ती औद्योगिक गतिविधियों, भारी वाहनों की आवाजाही और दैनिक आवागमन में वृद्धि को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग विकसित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है।
खुर्शीपार से मोतीपुर होते हुए रायपुर तक संभावित नया मार्ग
प्रस्ताव के अनुसार खुर्शीपार गेट (रोलिंग मिल) से भिलाई स्टील प्लांट क्षेत्र के समीप स्थित सिरसा गेट अंडर ब्रिज से होते हुए मोतीपुर मार्ग के जरिए रायपुर तक वैकल्पिक रूट चिन्हित किया गया है। इस मार्ग के विकसित होने से एनएच–53 पर वाहनों का दबाव विभाजित किया जा सकेगा और मुख्य हाईवे पर जाम की स्थिति में उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है।
वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त टीम ने किया स्थल निरीक्षण
दिनांक 01 मार्च को कलेक्टर दुर्ग, पुलिस उपमहानिरीक्षक दुर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात), आयुक्त नगर निगम भिलाई, एसडीएम भिलाई-3, भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन, लोक निर्माण विभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता एवं यातायात पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान निम्न बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया गया:
मार्ग की वर्तमान चौड़ाई एवं संरचना
जंक्शन प्वाइंट्स की स्थिति
सुरक्षा संकेतकों एवं साइन बोर्ड की उपलब्धता
संभावित यातायात वहन क्षमता
प्रारंभिक परीक्षण के आधार पर प्रस्ताव को विस्तृत तकनीकी समीक्षा के बाद सक्षम प्राधिकारी को स्वीकृति हेतु भेजे जाने की संभावना है।
स्वीकृति मिलने पर मिलेंगे ये प्रमुख लाभ
यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो:
दुर्ग–रायपुर एनएच–53 पर जाम की स्थिति में राहत मिलेगी।
सड़क दुर्घटनाओं में संभावित कमी आएगी।
आपातकालीन स्थिति में वैकल्पिक मार्ग की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
प्रतिदिन रायपुर आवागमन करने वाले नागरिकों को सुगम व सुरक्षित सफर मिलेगा।
यातायात एडिशनल एसपी रिचा मिश्रा ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।