दुर्ग। दुर्ग जिले के भिलाई स्थित पदुमनगर ग्राउंड में एचएम जीएम जनसेवा संस्थान द्वारा छत्तीसगढ़ के वीर शहीदों की स्मृति में “शहीद कप” क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। 21 से 28 फरवरी तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने भाग लिया है।

आयोजकों के अनुसार, प्रतिदिन मैच शुरू होने से पहले जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। टूर्नामेंट के अंतिम दिन समापन समारोह में शहीद परिवारों का विशेष रूप से सम्मान किया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों ने की सराहना
शुक्रवार शाम को कार्यक्रम में अहिवारा विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सौरभ जायसवाल तथा भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनीष पांडेय शामिल हुए। सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए एचएमजीएम की टीम को बधाई दी।
इस आयोजन में News 24 और लल्लूराम डॉट कॉम मीडिया पार्टनर के रूप में जुड़े हैं। समापन समारोह में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
खेल से बढ़ती है अनुशासन और राष्ट्रभक्ति
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनीष पांडेय ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक सशक्तिकरण का माध्यम है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास भी करता है। ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं।
वहीं प्रवीण सोनी ने कहा कि “शहीद कप” जैसे कार्यक्रम समाज में एकता और समरसता का संदेश देते हैं और शहीदों के बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनते हैं।