बिलासपुर। बिलासपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सकरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर, 25 ग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

ग्राहक का इंतजार करते पकड़ा गया मुख्य आरोपी
सकरी थाना प्रभारी विजय कुमार चौधरी के अनुसार, 27 फरवरी को सूचना मिली थी कि तैयबा चौक, तालापारा निवासी 33 वर्षीय हमीद अंसारी मेण्ड्रा रोड स्थित आसमा सिटी के पास ब्राउन शुगर लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पूछताछ में खुलासा: प्रयागराज से आती थी सप्लाई
पूछताछ में हमीद ने बताया कि वह अपने साथियों—मंगला निवासी 24 वर्षीय अमन तिवारी और सकरी निवासी 24 वर्षीय ईशांत सिंह मंडलोई—के जरिए प्रयागराज से ब्राउन शुगर और गांजा मंगवाता था। नशीले पदार्थ ईशांत के घर में रखे जाते थे।
पुलिस ने रामा लाइफ सिटी स्थित मकान की तलाशी ली, जहां से 25 ग्राम गांजा, चार चिलम और दो लाइटर बरामद किए गए। हालांकि तलाशी के दौरान कोई अवैध हथियार नहीं मिला। अमन तिवारी को भी हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
थार कांड से जुड़ा है एक आरोपी
पुलिस के अनुसार, ईशांत सिंह मंडलोई हाल ही में चर्चित ‘थार कांड’ मामले में भी आरोपी रहा है। इस प्रकरण में तेज रफ्तार वाहन में हथियार लहराने के आरोप में कार्रवाई हुई थी। ईशांत फिलहाल आर्म्स एक्ट के एक अन्य मामले में जेल में बंद है।
नशे के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के अवैध कारोबार पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।