कोरबा में निर्माणाधीन दीवार गिरने से दो वर्षीय मासूम की मौत, तीन घायल

कोरबा। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मण बन तालाब स्थित काली मंदिर के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन मकान की पक्की बाउंड्री वॉल का हिस्सा अचानक ढहने से मलबे में दबकर दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब दीवार के पास से कुछ लोग गुजर रहे थे और बच्चे वहां खेल रहे थे। अचानक दीवार भरभराकर गिर पड़ी, जिसकी चपेट में आने से स्थानीय निवासी दो वर्षीय बालक धनेश कर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में 20 वर्षीय संजू कर्ष और 18 वर्षीय विशाल यादव सहित तीन लोग घायल हुए हैं। मलबे की चपेट में आने से एक ऑटो और एक बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे के बाद आक्रोशित बस्तीवासियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली थाने का घेराव किया। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त वहां मौजूद संबंधित वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मार्ग पर आवाजाही बंद कराई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *