रमेश गुप्ता भिलाई । आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकों का आयोजन किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन में सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।
थाना धमधा, बोरी, लिटिया, जेवरा सिरसा, खुरसीपार, पाटन, उतई, पुलगांव, अंजोरा, नगपुरा, कुम्हारी, रानीतराई एवं सुपेला क्षेत्रों में आयोजित बैठकों में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं समिति सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा की गई।

संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी
पुलिस ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों का चिन्हांकन कर विशेष गश्त एवं निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पूर्व में चाकूबाजी अथवा गंभीर घटनाओं वाले चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। बाइक एवं चारपहिया वाहनों से सतत पेट्रोलिंग की व्यवस्था रहेगी।
हुड़दंग, नशाखोरी और ट्रैफिक उल्लंघन पर सख्ती
होली के दौरान हुड़दंग, अवैध मद्य/मादक पदार्थों के विक्रय एवं सेवन पर आबकारी अधिनियम एवं एनडीपीएस एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। ड्रिंक एंड ड्राइव, तीन सवारी, बिना हेलमेट, तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन करने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी एवं जप्ती कार्रवाई की जाएगी।
साउंड सिस्टम व रंगों को लेकर निर्देश
साउंड सिस्टम उपयोग हेतु विधिवत अनुमति अनिवार्य होगी तथा रात्रि 10 बजे के बाद उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। मुखौटा, वार्निश पेंट स्प्रे एवं रासायनिक केमिकल युक्त रंगों के उपयोग पर रोक रहेगी। होलिका दहन विद्युत तारों के नीचे या नवीन डामर सड़कों पर न करने के निर्देश दिए गए हैं।

निगरानी बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
निगरानी एवं गुंडा बदमाशों को थाने तलब कर बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जा रहा है। आवश्यकतानुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126, 128, 129, 135(3) एवं 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। फरार एवं सक्रिय बदमाशों का सत्यापन राजपत्रित अधिकारी स्तर से कर बाउंड ओवर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग व आपात समन्वय
सोशल मीडिया की सतत निगरानी कर अफवाह फैलाने या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कंट्रोल रूम 24×7 सक्रिय रहेगा तथा फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों से समन्वय बनाए रखा जाएगा। गहरे तालाबों में गोताखोरों की तैनाती एवं एसडीआरएफ से समन्वय रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
….
पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने दुर्ग आम नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और अनुशासन के साथ मनाएं। किसी भी अवैध गतिविधि, हुड़दंग या संदिग्ध घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।