रायपुर। संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन होनहार युवा कलाकारों एवं छात्रों के लिए छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना का उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली कलाकारों को उच्च प्रशिक्षण एवं शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करना है।
यह योजना संगीत, नृत्य, रंगमंच, दृश्य कला एवं पारंपरिक लोक एवं जनजातीय कलाओं में शिक्षा या प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए लागू होगी। योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के लोक एवं जनजातीय नृत्य, गीत-संगीत, वादन, रंगमंच, शास्त्रीय संगीत, शास्त्रीय नृत्य, दृश्य कला एवं सृजनात्मक कलाओं से जुड़े छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं।
योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को प्रतिमाह न्यूनतम 5,000 रुपये से लेकर अधिकतम 10,000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि डीबीटी/ई-पेमेंट के माध्यम से सीधे हितग्राहियों को दी जाएगी।

पात्रता शर्तें
आवेदक का छत्तीसगढ़ का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। आयु सीमा 15 वर्ष से कम और 30 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदक अथवा उसके परिवार की वार्षिक आय 72,000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य किया गया है।
आवेदन प्रक्रिया
इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट www.cgculture.in पर उपलब्ध है।
आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 20 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन लिफाफे पर स्पष्ट रूप से योजना का नाम एवं वर्ष अंकित करना अनिवार्य होगा। विलंब से प्राप्त या अपूर्ण आवेदनों पर किसी भी प्रकार का विचार नहीं किया जाएगा।