बीजापुर को विकास की बड़ी सौगात: मट्टीमरका में 110 करोड़ से बदलेगी तस्वीर महेश गागड़ा

बीजापुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के वर्ष 2026-27 के बजट सत्र में बीजापुर जिले को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रस्तुत बजट में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने मट्टीमरका क्षेत्र के विकास के लिए 110 करोड़ रुपये के बजट डायवर्सन की घोषणा की।
यह प्रावधान इन्द्रावती नदी पर आधारित सिंचाई विस्तार और पर्यटन विकास को ध्यान में रखकर किया गया है। इसे बीजापुर के सर्वांगीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

खेती को मिलेगा संबल

मट्टीमरका परियोजना के अंतर्गत इन्द्रावती नदी के जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आसपास के गांवों में सिंचाई सुविधा का विस्तार किया जाएगा। इससे किसानों को सालभर खेती करने का अवसर मिलेगा, फसल उत्पादन बढ़ेगा और आय में इजाफा होगा।
ग्रामीण अंचलों में लंबे समय से चली आ रही सिंचाई समस्या के समाधान की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
पर्यटन से खुलेगा रोजगार का द्वार

प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध बीजापुर में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं। मट्टीमरका क्षेत्र में आधारभूत पर्यटन सुविधाएं विकसित होने से ईको-टूरिज्म और प्राकृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

महेश गागड़ा ने जताया आभार

पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 110 करोड़ रुपये की यह स्वीकृति बीजापुर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि इससे न केवल कृषि क्षेत्र मजबूत होगा, बल्कि पर्यटन के जरिए स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा मिलेगी।

आदिवासी अंचल के लिए उम्मीद की किरण

बीजापुर जैसे आदिवासी बहुल और भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण जिले के लिए यह बजट प्रावधान नई उम्मीद लेकर आया है। स्थानीय लोगों में इस घोषणा को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
उम्मीद की जा रही है कि मट्टीमरका परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन से आने वाले समय में बीजापुर विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में नई ऊंचाइयों को छुएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *