अम्बिकापुर (सरगुजा): थाना गांधीनगर पुलिस ने रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय से लैपटॉप और बैग चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को त्वरित कार्यवाही करते हुए चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप और अन्य सामान बरामद कर लिया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण: प्रार्थिया ने 25 फरवरी 2026 को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 फरवरी को रायपुर से अम्बिकापुर ट्रेन यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात एक अज्ञात युवक से हुई थी। अम्बिकापुर पहुँचने के बाद प्रार्थिया उस युवक के साथ रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय में बैठी थी। कुछ समय बाद वह अपना बैग युवक के भरोसे छोड़कर वॉशरूम गई, लेकिन वापस आने पर युवक और बैग दोनों गायब थे। बैग में Zebronics कंपनी का लैपटॉप, चश्मा और कपड़े रखे हुए थे।
पुलिस की कार्यवाही और गिरफ्तारी: प्रार्थिया की शिकायत पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 106/26, धारा 331(2), 305(ए) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर शुभम महावर (उम्र 34 वर्ष), निवासी राधौगढ़ (गुना, म.प्र.) हाल मुकाम आनंद बिहार फेस 2 (दुर्ग) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का लैपटॉप और बैग बरामद कर लिया है। जाँच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।