भिलाई के प्रसिद्ध साईं मंदिर में बड़ी चोरी : गार्ड को पीटा, कटर से ताले काटकर 2 किलो चांदी का छत्र और कैश पार

रमेश गुप्ता भिलाई। जिले में एक बार फिर चोरों के हौसले बुलंद नजर आए। भिलाई सेक्टर-6 स्थित प्रसिद्ध साईं बाबा मंदिर सेक्टर 6 में देर रात अज्ञात बदमाशों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने मंदिर में तैनात गार्ड के साथ मारपीट की और कटर मशीन से ताले काटकर करीब 2 किलो वजनी चांदी का छत्र, अन्य पूजन सामग्री एवं नगदी चोरी कर फरार हो गए।


भिलाई नगर थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 5 बजे उस समय हुई जब मंदिर के पुजारी आरती के लिए पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर के सभी ताले टूटे हुए हैं और सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद मंदिर ट्रस्ट को सूचना दी गई, जिसने तत्काल पुलिस को अवगत कराया।
सूचना मिलते ही भिलाई कोतवाली पुलिस की टीम डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की सघन तलाशी ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कटर मशीन से ताले काटकर अंदर घुसे थे।


मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कुछ कैमरों में चार संदिग्ध युवक ताले काटते हुए नजर आए हैं। हालांकि आरोपी डीवीआर बॉक्स भी अपने साथ ले गए, जिससे फुटेज का पूरा बैकअप नहीं मिल पाया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्य जुटाने में लगी है।
घटना के बाद गार्ड का बयान दर्ज किया गया है। साथ ही मंदिर के आसपास की बस्तियों में भी पूछताछ की जा रही है। सेक्टर-6 जैसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित प्रसिद्ध मंदिर में चोरी की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस पेट्रोलिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


सत्यप्रकाश तिवारी, सीएसपी भिलाई नगर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *