CG News : गैर शैक्षणिक कार्यों में लगे शिक्षकों की अटैचमेंट खत्म, DPI का सख्त आदेश जारी

रायपुर, 25 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने बड़ा फैसला लिया है। गैर शैक्षणिक कार्यों में संलग्न शिक्षकों और कर्मचारियों की अटैचमेंट तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि शिक्षा विभाग में पदस्थ शिक्षक एवं कर्मचारी अपनी मूल सेवाओं को छोड़कर अन्य कार्यालयों और संस्थानों में गैर शैक्षणिक कार्यों में संलग्न पाए गए हैं, जिससे शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए DPI ने सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ऐसे सभी शिक्षकों को तत्काल उनके मूल विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करने के लिए कार्यमुक्त किया जाए।

सात दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश

आदेश में यह भी कहा गया है कि संबंधित अधिकारी कार्यवाही सुनिश्चित कर निर्धारित समयावधि में इसकी जानकारी संचालनालय को उपलब्ध कराएं।

पहले भी जारी हो चुके हैं निर्देश

गौरतलब है कि वर्ष 2024 में भी गैर शैक्षणिक कार्यों में लगे शिक्षकों को मूल शालाओं में लौटाने के निर्देश जारी किए गए थे। बावजूद इसके कई स्थानों पर संलग्नीकरण जारी रहा। इस बार विभाग ने इसे सख्ती से लागू करने का संकेत दिया है।

शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ेगी और विद्यार्थियों की पढ़ाई पर सकारात्मक असर पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *